रायपुर , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी प्रयास करने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया है।
श्री साव रविवार को महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सामान्य सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने समाज के विकास, संगठन की गतिविधियों तथा सामाजिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि तैलिक समाज ने परिश्रम और ईमानदारी के बल पर देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। समाज को अब शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन संवाद, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इससे पहले श्री साव ने सोनाजीराव क्षीरसागर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित काकू स्मृति स्थल पर महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र की पूर्व विधायक केशरबाई क्षीरसागर 'केशर काकू' को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने केशर काकू के सामाजिक और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देशभर की इकाइयों को एकजुट करने तथा महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया।
श्री साव ने केशर काकू की स्मृति में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जयदत्त क्षीरसागर संगठन को आगे बढ़ाने और समाज को एकजुट करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
महासभा की सामान्य सभा में वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सामाजिक उत्थान, संगठन की मजबूती और आपसी सहभागिता बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा एकजुट होकर समाज हित में कार्य करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित