, Sept. 27 -- संगोष्ठी के मुख्य अतिथि कटक, ओडिशा से पधारे महंत शिवनाथ जी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सभी जीवों के त्रिविध दुःखों के नाश के लिए किसी मंत्र के अंत में तीन बार शांति, शांति, शांति कहकर पूरा किया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गाई गई गीता भारतीय संस्कृति की मूल भावनाओं को हमारे सामने लाती है। यही कारण है कि विश्व के अनेक देशों में गीता सम्मान के साथ पढ़ी व पढ़ाई जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई देश परस्पर युद्ध व संघर्ष से जूझ रहे हैं। ऐसी स्थिति में भारतीय संस्कृति उन्हें दिशा देने का कार्य कर सकती है। यही कारण है कि दुनिया हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी से शांति प्रस्ताव लाकर मध्यस्थता करने का आग्रह कर रही है। भारतीय संस्कृति युद्ध की नहीं, अपितु बुद्ध की संस्कृति है। यहाँ युद्ध के पहले बुद्ध का मार्ग अपनाकर समझाने का पूरा प्रयास किया जाता है। संस्कृत भाषा में कहे गए हमारे आदर्श वाक्य तथा उनमें बताई गई जीवन शैली आज दुनिया को सुख व शांति का पाठ पढ़ा रही है।
हिंगवा, राजस्थान से पधारे महंत डॉ. योगी महेंद्रनाथ ने कहा कि संस्कृत एवं संस्कृति हमारे जीवन जीने का माध्यम है। यही दोनों का अभाव होने के कारण दूसरे देशों के पढ़े-लिखे युवा आतंकवादी बन जाते हैं। हमारी संस्कृति में प्रातःकाल उठकर माता-पिता व गुरुजनों को प्रणाम करना बताया जाता है। यही संस्कार हमें अन्य देशों से अलग करते हैं। जिस किसी वृक्ष के पत्तों, तनों, डालियों को काटने पर भी वृक्ष बचा रहता है, लेकिन उसकी जड़ें काट देने पर वृक्ष सूख जाता है। उसी तरह संस्कृत हमारी संस्कृति का मूल है। यदि हम इसे संरक्षित नहीं करेंगे तो यह देश सूखने लगेगा।
नीमच, मध्य प्रदेश से पधारे महंत लालनाथ ने कहा कि संस्कृत के बिना हमारे देश में कोई भी मांगलिक कार्य नहीं किया जाता। यह ब्रह्मांड के आदि से ही विद्यमान है। प्राचीन भारत में संस्कृत शास्त्रों के अध्ययन के लिए बड़े-बड़े गुरुकुल स्थापित किए जाते रहे। संस्कृत का पढ़ा-लिखा विद्वान रोजगार पाने के साथ ही सम्मान भी पाता है। संस्कृत पढ़े हुए व्यक्ति में आदर्श भारत का दर्शन होता है। भगवान के सभी अवतारों ने भी गुरुकुल में जाकर संस्कृत के शास्त्रों का अध्ययन किया। संस्कृत पढ़ा हुआ व्यक्ति कभी भी रोजगार के लिए भटकता नहीं है, वह जहाँ रहेगा, वहीं उसे रोजगार प्राप्त हो जाएगा।
हनुमानगढ़ी, अयोध्या के महंत राजू दास ने कहा कि संस्कृति एवं संस्कृत हजारों वर्ष पूर्व से हमारी भारतीय जीवन व्यवस्था को व्यवस्थित रूप देने का कार्य कर रही है। भारतीय संस्कृति में अतिथि देवो भव की भावना होने से हमने किसी विदेशी का प्रतिकार नहीं किया। इसी का नाजायज फायदा लेकर मुगलों और अंग्रेजों ने यहाँ शासन किया। यह संस्कृति विश्व कल्याण की कामना करती है, लेकिन अपराधी को उचित दंड देने की भी व्यवस्था देती है। संस्कृति का आधार संस्कृत ही है। इसलिए हम कोई विषय पढ़ें, लेकिन उसके साथ संस्कृत को अवश्य पढ़ें।
विशिष्ट वक्ता एवं पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, प्रो. सदानंद प्रसाद गुप्त ने कहा कि प्राचीन भारत का इतिहास अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है। वैदिक काल से चली आ रही भारतीय संस्कृति विश्व मानवता के लिए आदर्श है। यह संस्कृति संस्कृत भाषा के आदर्शभूत शास्त्रों पर आधारित है। संस्कृति धर्म से अनुप्राणित होती है। भारतीय जनमानस में सनातन धर्म न केवल पूजा-पद्धति तक सीमित है, अपितु प्रातःकाल जागरण से लेकर रात्रि-शयन तक हमारे व्यवहार में समाहित है। भारतीय संस्कृति एकमात्र ऐसी संस्कृति है, जो विश्व कल्याण व शांति की कामना करती है। यह संस्कृति हर तरफ से कल्याणकारी विचारों को ग्रहण करने की भावना रखती है। यह संस्कृति सभी जीवों के साथ ही वृक्षों, नदियों, पर्वतों सहित चराचर जगत में देवत्व की भावना करती है।
इस अवसर पर अयोध्या से पधारे महंत रामबालक दास , महंत रामलखन दास तथा मां पाटेश्वरी शक्ति पीठ, देवीपाटन के महंत मिथिलेश दास मंच पर उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित