बैतूल , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भौंरा कस्बे में साप्ताहिक बाजार के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के अचानक हमलावर हो जाने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
शुक्रवार को हुई इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग मधुमक्खियों के काटने से घायल हो गए, जबकि करीब एक से दो घंटे तक बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, बाजार क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर पिछले कई दिनों से मधुमक्खियों के तीन बड़े छत्ते बने हुए हैं। शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए यहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड बिफर गया और बाजार में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना के दौरान अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ बाजार आए योगेंद्र नामक व्यक्ति ने बताया कि वह सब्जी खरीदकर लौट रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह पास में रखी सब्जियों की खाली कैरेट के नीचे अपनी बेटी को ढककर उसे सुरक्षित किया।
स्थानीय दुकानदार राजू गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान भी पानी की टंकी के पास ही लगती है। अचानक मधुमक्खियों का झुंड बिफरने से लोगों में भगदड़ मच गई और उन्हें भी दुकान छोड़कर भागना पड़ा। उन्होंने बताया कि भागने के बावजूद कई मधुमक्खियों ने उन्हें काट लिया। करीब एक से दो घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी, जिसके बाद लोग और दुकानदार दोबारा अपनी दुकानों पर लौट सके।
घटना के दौरान बाजार के पास स्थित स्कूल में भी सतर्कता बरती गई। शिक्षकों ने तत्काल सभी खिड़कियां बंद करवा दीं, जिससे वहां पढ़ रही छात्राओं और अन्य बच्चों को किसी प्रकार की हानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र के पास ही स्कूल संचालित होता है और साप्ताहिक बाजार के दिन यहां भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यदि समय रहते पानी की टंकी पर बने मधुमक्खियों के छत्तों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित