रायगढ़ , मार्च 09 -- छत्तीसगढ के रायगढ़ नगर निगम में 10 मार्च को आयोजित होने वाली साधारण सभा की बैठक को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को नगर निगम कार्यालय में एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में साधारण सभा के दौरान पार्षदों द्वारा लगाए गए प्रश्नों के उत्तर और विभागीय तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
महापौर जीवर्धन चौहान ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी साधारण सभा में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जानी है। पार्षदों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित सवाल लगाए गए हैं, जिनका तथ्यात्मक और संतोषजनक जवाब देना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए एमआईसी सदस्यों और अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े प्रश्नों की पूरी जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ तैयार रहें, ताकि साधारण सभा के दौरान पार्षदों को स्पष्ट और सही जानकारी दी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित