मुरैना , मई 21 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा देर रात साधारण कपड़ों में अचानक कोतवाली थाना पहुंचे, जहां प्रारंभ में पुलिस कर्मी उन्हें पहचान नहीं सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बाद में पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने स्वयं अपना परिचय दिया, जिसके बाद थाना परिसर में हलचल मच गई। उन्होंने थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाने में गंदगी और टूटी-फूटी कुर्सियां देखकर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताई तथा थाना प्रभारी अमित भदौरिया को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करने के साथ पुलिस कर्मियों से बातचीत कर उनका परिचय भी प्राप्त किया। सूत्रों के अनुसार नवागत पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार थानों का निरीक्षण किए जाने से जिले के पुलिस कर्मी सतर्क नजर आ रहे हैं और ड्यूटी पर समय से तैनात रह रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित