यमुनानगर , जून 6 -- हरियाणा के सादौरा से कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर विधायक रेनू बाला मौजूद नहीं रहीं, हालांकि पिछले कुछ दिनों से वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए क्षेत्र में लोगों को आमंत्रित करने में सक्रिय थीं।
भाजपा में शामिल होने के बाद ऋषिपाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में विकास की बजाय कुर्सी की राजनीति होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वे और उनकी पत्नी कुमारी सैलजा गुट से जुड़े रहे हैं तथा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में रेनू बाला का नाम जानबूझकर उछाला गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित