श्रीगंगानगर , जून 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओें और जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करके उपखंड अधिकारी संजय कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस समिति सादुलशहर अध्यक्ष भवानीशंकर सोनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व विधायक निवास से रैली के रूप में मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद संजय कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए आमजन को राहत देने की मांग की गयी। साथ ही बेरोजगार युवाओं के हित में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच करके दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित