श्रीगंगानगर , सितम्बर 14 -- राजस्थान में सादुलशहर नगरपालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने ही बागी नेता के हाथों चारों खाने चित हो गई।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप खीचड़, जिन्होंने टिकट वितरण के समय भाजपा से किनारा करके अपनी पत्नी पूर्व पालिकाध्यक्ष मनीषा खीचड़ सहित सभी वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी उतारे थे, आज चुनाव परिणाम घोषित होने पर भारी बहुमत के साथ विजयी हुए।

भाजपा को महज दो वार्डों में सफलता मिली जबकि कांग्रेस एक वार्ड में जीत दर्ज कर सकी। शेष 22 वार्डों में प्रदीप खीचड़ के समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जिनमें वार्ड संख्या पांच से उनकी पत्नी मनीषा खीचड़ भी शामिल हैं। अब मनीषा खीचड़ के दोबारा पालिकाध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना बन गई है।

टिकट वितरण के समय प्रदीप खीचड़ को अपने मनमुताबिक प्रत्याशियों के लिए पार्टी से टिकट नहीं मिल रहे थे। इसी नाराजगी में उन्होंने भाजपा से अलग होकर सभी 25 में वार्डों में अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे। यह उनका सातवां चुनाव था। वह 1995 से लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं। पिछले दो विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने भाजपा का टिकट चाहा था लेकिन वह उन्हें नहीं मिला। सादुलशहर नगरपालिका में लंबे समय से उनका दबदबा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित