बारां , मई 12 -- राजस्थान में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बारां पुलिस ने सोमवार को देर रात सादी वर्दी में कार्रवाई करते हुए महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया जबकिउनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई राज्यभर में चल रहे "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" के तहत की गई, जिसमें पुलिस की महिला दलों को सादा वर्दी में शहर के संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों के साथ होने वाली छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
पुलिस के अनुसार सहायक उप निरीक्षक चेतना स्वामी के नेतृत्व में करीब 25 महिला कांस्टेबलों का दल गठित किया गया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करके संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
सोमवार रात स्टेशन रोड क्षेत्र में दो महिला पुलिसकर्मी सामान्य युवतियों की तरह पैदल घूम रही थीं। इस दौरान उन्होंने एक दुकान पर गन्ने का जूस भी पिया ताकि किसी को उन पर शक न हो।
इसी बीच मोटर साइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला पुलिसकर्मियों को आम युवतियां समझकर उनका पीछा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला पुलिसकर्मी उन्हें जनता टॉकीज क्षेत्र की सुनसान गलियों तक लेकर गईं, जहां पहले से सतर्क पुलिस निगरानी कर रही थी। जैसे ही युवकों ने रास्ता रोकने की कोशिश की, महिला कांस्टेबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटर साइकिल की चाबी निकाल ली और जूडो-कराटे में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उन्हें डॉक्टर गिरधर गोपाल जी की गली में पकड़ लिया गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी युवकों को पकड़कर ले जाती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग महिला पुलिस की सराहना कर रहे हैं।
चेतना स्वामी ने बताया कि यह अभियान पुलिस मुख्यालय और बारां एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार युवकों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित