पौड़ी , सितंबर 02 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में कक्षा दूसरी, पांचवी और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा का आयोजन सात सितंबर को जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में किया जाएगा।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चड़ीगांव में मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और प्रभावी संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन समितियों और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों में मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में प्रश्नपत्रों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया। उन्होंने परीक्षा के दिन सभी विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों, बीआरपी, सीआरपी और डायट मेंटर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में आकलन प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा। बताया गया कि परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रश्नपत्रों में विद्यार्थियों की समझ, विषयवस्तु के अनुप्रयोग और उच्च स्तरीय चिंतन कौशल को परखने वाले प्रश्न शामिल किए जाएंगे।

डायट के प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर ने आज बताया कि दूसरी कक्षा में हिंदी एवं गणित, पांचवीं कक्षा में हिंदी, गणित एवं हमारे आसपास तथा आठवीं कक्षा में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों का बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से आकलन होगा। प्रश्नपत्र विषय विशेषज्ञ समूहों द्वारा तैयार किए जाएंगे और खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से बीआरपी और सीआरपी के सहयोग से संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित