नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को दिन के समय अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में आज दिन का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
साल 2019 के बाद पहली बार जनवरी के महीने में तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। साल 2019 में 21 जनवरी को दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।
विभाग ने शुक्रवार तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने के आसार जताये हैं। उसने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि 23 जनवरी को सुबह से रात तक गरज के साथ बारिश और बिजली गिर सकती है। साथ ही, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें भी चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली में आज वायु प्रदूषण के स्तर में थोड़ा सुधार हुआ और शाम 5.30 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) घटकर 334 रह गया, हालांकि यह अब भी 'बहुत खराब' श्रेणी में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित