मुरैना , मई 15 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम इटौरा निवासी बलराम जाटव अपनी पत्नी और पुत्री तनु के साथ एक भात कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम रामलाल का पुरा गया था। 13 मई की रात कार्यक्रम के बाद परिवार वहीं सो गया। 14 मई की सुबह बच्ची बिस्तर से गायब मिली। तलाश के दौरान बालिका का शव गांव के समीप एक गुफानुमा गड्ढे में मिला। उसके हाथ गमछे से बंधे हुए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस गमछे से बच्ची के हाथ बंधे थे, वह मृतका के बाबा रघुनाथ जाटव के पड़ोसी रामदीन जाटव का था। भात कार्यक्रम में खींचे गए फोटो में भी आरोपी के पास वही गमछा दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने रामदीन जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बालिका की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और रघुनाथ जाटव के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी कारण उसने रघुनाथ को सबक सिखाने के उद्देश्य से बालिका की हत्या की।
पुलिस के अनुसार आरोपी रात करीब साढ़े तीन बजे बच्ची को उसके पिता के पास से उठाकर ले गया और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गड्ढे में फेंककर वापस घर लौट आया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित