मुरैना , मई 14 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना चिन्नौनी थाना क्षेत्र के रामलाल के पूरा गांव की है। जिले के कैलारस विकासखंड के ग्राम इटौरा निवासी बलराम जाटव अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी तनु के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गांव पहुंचे थे।
सूत्रों ने बताया कि भात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बलराम अपनी बच्ची के साथ रात में सो गया था। सुबह जागने पर बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गांव के समीप एक गुफानुमा गड्ढे में बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बच्ची के दोनों हाथ बंधे हुए थे और उसके शरीर पर कपड़े सलीके से पहने हुए थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कैलारस भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित