बहराइच , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक को सात माह से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने इसका संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय शर्मा को चिकित्सक के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजौली पीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. रामपाल सिंह पिछले सात माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान होकर गुरुवार से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। चिकित्सक का कहना है कि बकाया वेतन के भुगतान को लेकर वह इससे पहले भी पांच सितंबर को धरने पर बैठे थे।

बताया गया कि उस समय मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. महेश विश्वकर्मा ने चिकित्सक को चार माह का वेतन तत्काल खाते में भेजने तथा शेष सात माह के बकाये का भुगतान एक सप्ताह के भीतर कराने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद चिकित्सक ने धरना समाप्त कर दिया था।

चिकित्सक के अनुसार आश्वासन के करीब 12 दिन बाद भी सात माह के बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी जिलाधिकारी तक पहुंचने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमओ को चिकित्सक के बकाया वेतन का भुगतान तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के निर्देश के बाद अब चिकित्सक के लंबित वेतन भुगतान को लेकर कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित