बैतूल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में हत्या के 35 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से 34 मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है, जबकि एक मामला अभी जांचाधीन है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि जनवरी से जुलाई के बीच जिले में 35 लोगों की हत्या हुई है। इनमें से 20 मामले ऐसे थे, जिन्हें पुलिस ने अंधे कत्ल की श्रेणी में रखते हुए सुलझाया। इन मामलों में न तो आरोपियों की पहचान थी और न ही शुरुआती स्तर पर कोई ठोस सुराग उपलब्ध था। इसके बावजूद पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि अभी तक केवल आठनेर थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या का खुलासा होना बाकी है। पुलिस इस मामले में भी महत्वपूर्ण सुराग जुटा चुकी है और जल्द ही इसका खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार इस वर्ष हुई हत्याओं में सबसे बड़ा कारण पारिवारिक विवाद और अवैध संबंध रहे। कुल 35 मामलों में से 25 में हत्या की वजह पति-पत्नी के बीच विवाद, अवैध संबंध अथवा परिवार के सदस्यों के बीच उत्पन्न तनाव रहा। कई मामलों में पति ने पत्नी की, पत्नी ने पति की, बेटे ने पिता की तथा अन्य रिश्तेदारों ने अपने ही परिजनों की हत्या की।

श्री जैन ने बताया कि पुलिस ने इस वर्ष केवल ताजा हत्या के मामलों का ही नहीं, बल्कि कुछ पुराने लंबित मामलों का भी सफलतापूर्वक खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक साक्ष्य और साइबर विश्लेषण का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम भी उपस्थित थीं। पुलिस अधीक्षक ने चोरी के मामलों की समीक्षा करते हुए बताया कि पुलिस ने अंतरजिला और अंतरराज्यीय चोर गिरोहों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की है। चोरी का सामान खरीदने या छिपाने वालों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि कई मामलों में चोरी का सामान वापस मिलने के बाद फरियादी अदालत में अपने बयान बदल देते हैं, जिससे आरोपियों को सजा दिलाने में कठिनाई आती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित