अलवर , जून 19 -- राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र में करीब साढ़े सात महीने पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई चार वर्षीय खुशबू ने लंबा संघर्ष करने के बाद गुरुवार रात दम तोड़ दिया।

इसके साथ ही उस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसे में खुशबू के माता-पिता, भाई और चचेरी बहन की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने आज मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार एक नवंबर 2025 को सदर थाना क्षेत्र में छठी मील के पास सड़क पार कर रहे एक मोटर साइकिल सवार परिवार को तेज रफ्तार वाहन थार ने टक्कर मार दी थी। इस टक्कर से महेंद्र (35), उनकी पत्नी गुड्डी (35), दो वर्षीय पुत्र पूर्वांश और आठ वर्षीय भतीजी पायल की मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस हादसे में महेंद्र की बेटी खुशबू टक्कर के बाद उछलकर थार की छत पर जा गिरी। वह करीब 500 मीटर दूर थार की छत पर घायल अवस्था में मिली थी।

हादसे के बाद खुशबू को गंभीर हालत में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक महीने बाद उसे घर लाया गया था। तभी से वह उपचाररत थी। लम्बे संघर्ष के बाद वह जिंदगी की जंग हार गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित