बुरहानपुर , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं तथा जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, भोपाल को भेजे जा रहे हैं।
खाद्य विश्लेषक से प्राप्त जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के नमूने अमानक, मिथ्याछाप एवं बिना लाइसेंस पाए गए। संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा सातों प्रकरणों में कुल 2 लाख 20 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
एडीएम न्यायालय द्वारा ए-वन जलेबी, सिंधीपुरा गेट, बुरहानपुर पर 30 हजार रुपये, जयसवाल किराना, देड़तलाई पर 50 हजार रुपये, हरिओम कन्फेक्शनरी, बस स्टैंड, बुरहानपुर पर 20 हजार रुपये, नदीम ट्रेडर्स, पाल बाजार पर 20 हजार रुपये, ख्वाजा चिश्ती मटन होटल, पाल बाजार पर 40 हजार रुपये, फर्म एस.के. मेडिकोज पर 20 हजार रुपये तथा न्यू अयाज अशरफी होटल, पाल बाजार, बुरहानपुर पर 40 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसी क्रम में विभाग ने इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के उचित रख-रखाव एवं स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर मौके पर ही खराब एवं अनुपयोगी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान फन एंड रोल से 10 किलोग्राम मोमोज, तीन किलोग्राम चटनी एवं दो किलोग्राम तैयार सब्जी नष्ट कराई गई। आनंद ग्रीन होटल, इंदिरा कॉलोनी से लगभग 20 किलोग्राम खराब प्याज एवं तीन किलोग्राम तैयार सब्जी तथा विजय एंटरप्राइजेज (टॉप एंड टाउन) से लगभग 50 किलोग्राम एक्सपायरी बोतलें, पांच किलोग्राम मोमोज एवं तीन किलोग्राम चटनी मौके पर नष्ट कराई गई। इन प्रतिष्ठानों को धारा 32 के तहत नोटिस भी दिए गए। इसी क्रम में दक्षिणम् होटल एवं कलेक्ट्रेट कैफे का भी आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित