पटना , अप्रैल 23 -- बिहर में ग्रामीण यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग ने सात निश्चय-3 के तहत ग्रामीण पथों के चौड़ीकरण की एक महत्वपूर्ण पहल की है, जिसके तहत ग्रामीण सड़कों को 5.5 मीटर चौड़ा किया जा रहा है।
यह पहल राज्य के उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से परिवर्तनकारी सिद्ध होगी, जहाँ संकरी सड़कों के कारण न केवल दैनिक आवागमन प्रभावित होता था, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। जन-आकांक्षाओं और यातायात के बढ़ते दबाव को ध्यान में रखते हुए चयनित ग्रामीण पथों को चरणबद्ध तरीके से उन्नत कर उन्हें दो-लेन वाली सड़कों में परिवर्तित किया जा रहा है। इससे वाहनों की गति, वहन क्षमता और यातायात सुरक्षा में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित होगा।
इस चौड़ीकरण का सबसे व्यापक प्रभाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इससे न केवल आमजनों का सफर सुलभ होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी गति मिलेगी। राज्य के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकसित हो रहे लघु एवं कुटीर उद्योगों और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर लॉजिस्टिक सपोर्ट मिल सकेगा। पूर्व में जहाँ संकरी ग्रामीण सड़कों के कारण भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन बाधित था, वहीं चौड़ी सड़कों के माध्यम से वाणिज्यिक वाहनों का आवागमन सुलभ होगा। इसके साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को संभावित जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आयेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित