बिहारशरीफ , मई 30 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सात निश्चय योजना ने राज्य में हर वर्ग, धर्म और जाति के लोगों के जीवन में विकास की नई किरण पहुंचाई है। मंत्री श्रवण कुमार ने बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के कोसुक में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 50 के कोसुक गांव में दिनेश पासवान के घर से गांधी डीलर के घर तक तथा वार्ड संख्या 49 के न्यू एरिया राणा बिगहा एनएच नवादा रोड से अभिमन्यु कुशवाहा के घर तक नवनिर्मित पीसीसी सड़क का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सात निश्चय योजना ने बिहार के हर वर्ग, धर्म और जाति के लोगों के जीवन में विकास की नई किरण पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने समाज के सभी तबकों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है और जाति-धर्म से ऊपर उठकर बिहार के नवनिर्माण की मजबूत नींव रखी है।

श्री कुमार ने कहा कि नीतीश सरकार ने हर घर तक विकास और हर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं, जो कभी घर की चारदीवारी तक सीमित थीं, आज आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की मिसाल बन रही हैं।उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच ने महिला सशक्तिकरण को नई पहचान दी है और आज महिलाएं आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के साथ विकास की नई कहानी लिख रही हैं।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण आज लोग गर्व से स्वयं को बिहारी बताते हैं और देशभर में बिहार की पहचान मजबूत हुई है।

कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, युगल किशोर मुखिया, बिट्टू कुशवाहा, मुन्नी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित