चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे स्वास्थ्य क्षेत्र की तीन बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

यह जानकारी पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रोफेसर विवेक लाल ने सोमवार को संस्थान के कैरों ब्लॉक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

प्रो लाल ने बताया कि पीएम मोदी एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर और एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर का उद्घाटन करेंगे। ये दोनों सेंटर अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होंगे। इसके साथ ही आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत बनने वाले 150 बेडके क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पीजीआई की क्षमता और सेवाएं दोनों बढ़ेंगी। नये न्यूरो सेंटर में ब्रेन ट्यूमर, स्ट्रोक और रीढ़ की हड्डी की जटिल सर्जरी की सुविधा मिलेगी। मदर एंड चाइल्ड सेंटर में हाई-रिस्क प्रेगनेंसी, नवजात आईसीयू और बाल रोगों का बेहतर इलाज हो सकेगा।

150 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक आईसीयू, एचडीयू और वेंटिलेटर से लैस होगा। इससे आपातकालीन मरीजों को तुरंत बेड मिल सकेगा।

प्रो. लाल के अनुसार इन सुविधाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और आसपास के राज्यों के लाखों मरीजों को फायदा होगा। अभी रेफरल के कारण मरीजों को महीनों इंतजार करना पड़ता है, जो अब कम होगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा और कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पीजीआई प्रशासन ने कहा कि पीएम दौरे के दौरान ओपीडी सेवाएं सामान्य रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित