फर्रुखाबाद , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आलू किसानों की खराब स्थिति को लेकर 7 अप्रैल को "आलू किसान बचाओ यात्रा" निकाली जाएगी, जो आठ अप्रैल को लखनऊ पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। यह निर्णय गुरुवार को सातनपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति में जिला आढ़त एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अर्पित राजपूत ने की। मीडिया प्रभारी अरविंद राजपूत ने बताया कि वरिष्ठ किसान नेता अशोक कटियार के नेतृत्व में करीब 100 किसान चार पहिया वाहनों से 7 अप्रैल को सातनपुर मंडी से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। यात्रा कमालगंज, कन्नौज, कानपुर और उन्नाव होते हुए लखनऊ पहुंचेगी।

किसान नेता अशोक कटियार ने कहा कि आलू किसानों की हालत बेहद खराब है और लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिले में कई किसान कर्ज के बोझ के चलते आत्महत्या तक कर चुके हैं। उन्होंने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कई मांगें रखीं, जिनमें आलू पर मंडी टैक्स समाप्त करना, राशन दुकानों के माध्यम से आलू वितरण, मिड-डे मील में आलू शामिल करना, गौशालाओं में आलू की खरीद, भंडारण शुल्क में छूट और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आलू खरीद सुनिश्चित करना शामिल है।

किसानों ने यह भी मांग की कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संसद और विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए।

बैठक में अतुल कटियार, सुधीर शुक्ला, सुधीर वर्मा (रिंकू), प्रमोद गुप्ता, राजेश सिंह चौहान और चंद्रभान सिंह समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित