सातारा, मई 14 -- महाराष्ट्र की धरती एक बार फिर ऐतिहासिक कुश्ती मुकाबलों की गवाह बनेगी। भारतीय शैली कुश्ती संघ, महाराष्ट्र के तत्त्वावधान में 52वीं हिंद केसरी महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन सातारा में 14 से 17 मई 2026 तक किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता अब तक की सबसे भव्य और इनामी प्रतियोगिता बताई जा रही है। कुश्ती के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इनामी खिताब घोषित किए गए हैं। देशभर के दिग्गज पहलवानों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन समिति और भारतीय शैली कुश्ती संघ महासंघ के सचिव गौरव रोशनलाल सचदेवा ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं और देश के विभिन्न राज्यों से पहलवानों के आगमन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। पुरुष वर्ग में 8 वजन श्रेणियों में मुकाबले होंगे, जिनके विजेताओं को टू व्हीलर बाइक और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। महिला वर्ग में प्रत्येक वजन श्रेणी की विजेता पहलवान को स्कूटी और नकद इनाम प्रदान किया जाएगा। वहीं, हिंद केसरी (मुख्य खिताब) जीतने वाले पहलवान को थार और मारुति कार के साथ ही बहुत आकर्षक इनाम भेंट किए जायेगे।
भारतीय शैली की कुश्ती विशेष रूप से महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लोकप्रिय है। इस प्रतियोगिता का गौरवशाली इतिहास रहा है - अब तक पद्मश्री से सम्मानित मास्टर चांगीराम, सतपाल पहलवान जैसे देश के नामी पहलवान इस मंच पर 'हिंद केसरी' का खिताब जीत चुके हैं। अब तक देश के 51 सर्वश्रेष्ठ पहलवानों ने यह प्रतिष्ठित किताब अपने नाम कर चुके हैं। आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष की प्रतियोगिता का उद्देश्य पारंपरिक भारतीय कुश्ती को नए स्तर पर ले जाना और युवा पीढ़ी को इस खेल से जोड़ना है। सातारा में यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि देश के ग्रामीण खेल संस्कृति को भी नई दिशा देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित