रायसेन , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के गैरतगंज नगर स्थित एक निजी हायर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की कार्यप्रणाली पर आधारित एक मशीन विकसित की है, जो मतदान प्रक्रिया संचालित करने के साथ परिणाम भी प्रदर्शित करती है।

विद्यालय के प्रशिक्षक इंजीनियर संदीप अहिरवार और इंजीनियर शैलजा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह प्रोजेक्ट तैयार किया। उन्होंने छात्रों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक तकनीक तथा मशीन निर्माण की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।

मशीन के निर्माण में आर्डुइनो, बजर, एलईडी लाइट, एलईडी स्क्रीन, बटन और जम्पर वायर सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग किया गया। विद्यालय की प्रयोगशाला में परीक्षण के दौरान मशीन ने सफलतापूर्वक मतदान प्रक्रिया संचालित करते हुए परिणाम भी प्रदर्शित किए।

इस नवाचार में शिक्षक प्रदीप ठाकुर, शिवानी गौर, नैंसी जैन और चांदनी साहू का भी योगदान रहा। विद्यालय के संचालक सुभाष कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयोग बच्चों की रचनात्मकता और तकनीकी क्षमता को नई दिशा देते हैं तथा उन्हें भविष्य में नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित