गांधीनगर , फरवरी 26 -- गुजरात के साणंद जीआईडीसी में प्रीमियम होटल बनाने के लिए प्लॉट की नीलामी पूर्ण कर लगभग पांच एकड़ भूमि डेवलपर को आवंटित की गयी है।
सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को साणंद औद्योगिक क्षेत्र में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इस प्रकार की विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों की उपस्थिति होने के कारण यहाँ की यात्रा पर आने वाले डेलीगेट्स तथा कर्मचारियों के रहने के लिए यह होटल सुविधा महत्वपूर्ण सिद्ध बनेगी। राज्य में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप सामाजिक इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में सघन प्रयास चल रहे हैं।
साणंद औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत नेशनल तथा मल्टीनेशनल कंपनियों की सुविधाओं में वृद्धि करने के उद्देश्य से होटल निर्माण के लिए प्लॉट की नीलामी पूर्ण की गई है। साणंद-2 औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 20168.54 वर्ग मीटर (अनुमानित पांच एकड़) प्लॉट विशेष रूप से प्रीमियम होटल निर्माण के लिए रिजर्व किया गया था, जिसकी नीलामी हाल ही में पूर्ण की गई है। ई-नीलामी में अधिकतम बिड के साथ डेवलपर को नियमों के अनुसार प्लॉट का आवंटन किया गया है। तीन से पांच स्टार होटल के निर्माण का कार्य शुरू करने के लिए कंपनी को चार वर्ष का मोरेटोरियम पीरियड दिया गया है। इस होटल के अतिरिक्त साणंद औद्योगिक क्षेत्र के तीन किलोमीटर निकट एक फाइव स्टार होटल के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित