यमुनानगर , अक्टूबर 22 -- कांग्रेस के आह्वान पर आज 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत हरियाणा में यमुनानगर के साढ़ौरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने वाल्मीकि भवन परिसर में समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने की। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर रोष प्रदर्शन किया और पैदलमार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' और 'वोट चोर गद्दी छोड़ो' के नारे लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक नागरिकको मताधिकार का स्वतंत्र और निष्पक्ष उपयोग करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर देशभर में विरोध हो रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता व विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है।
पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल संधू और ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर अली ने भी सरकार की नीतियों पर विरोध जताते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व जिला महासचिव सुधीर भल्ला ने किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मेहरामपुर, महासचिव मुकेश पाल, गगन टोडरपुर, अमर सिंह बाल्टी, दाताराम, नीरज शाहपुर, रेखा कश्यप, उषा कमल, मिथलेश चौधरी, परमिंदर कौर, गुलजार सिंह रादौर, संदीप चौधरी, सुनीता राणा, दलीप जुड्डा, कमल फौजी, डॉ. धर्मपाल, संदीप जैन, अशोक मेहता, शुभम गौरी, अरुण जैन, संदीप मानकपुर, मामचंद, इकबाल अहमद, मास्टर इस्म सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित