जालंधर , अक्टूबर 19 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष विजय सांपला ने सोमवार को कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि साढ़े चार साल के शासन का हिसाब देने के बजाय आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्री और नेता केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
श्री सांपला ने आप के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के बयानों पर पलटवार करते हुए कई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि संगरूर में गुलजार को आत्महत्या के लिए किन परिस्थितियों ने मजबूर किया, काला झंडा दिखाने पर मोहंजीत शोर को कथित तौर पर थर्ड डिग्री यातना किसने दी और परविंदर सिंह झोटा की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप मृतक के परिजन किस पर लगा रहे हैं। उन्होंने गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह की मौत और फतेहगढ़ साहिब में लखविंदर सिंह पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र करते हुए भी जवाबदेही तय करने की मांग की।
श्री सांपला ने श्री अरोड़ा से कहा कि उन्हें वातानुकूलित आवास से बाहर निकलकर पंजाब की जनता का सामना करना चाहिए और इन सवालों के जवाब देने चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि साढ़े चार साल मंत्री रहने के बाद भी अरोड़ा यह नहीं समझ पाए कि कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है, तो उन्हें सार्वजनिक बयान देने से पहले किसी जानकार से सलाह लेनी चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब की जनता ने आप को शासन करने का जनादेश दिया था, हर समस्या के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराने का अधिकार नहीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
श्री सांपला ने आप के राष्ट्रीय नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि दिल्ली में पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी मिलने पर सब कुछ ठीक करने का दावा करने वाले नेता अब पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण क्यों नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य सरकार के अधीन है, इसलिए इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित