छिंदवाड़ा , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की चौरई थाना पुलिस ने साजपानी के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख 27 हजार रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की है।

थाना प्रभारी मोहन सिंह मर्सकोले ने बताया कि पुलिस को साजपानी के जंगल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी भारती जाट के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से सुरेश धुर्वे निवासी करलई, वीरेंद्र सिंह परते निवासी चक्कीखमरिया, सुग्रीव डेहरिया निवासी डुंगरिया, अनीष उर्फ गोलू उईके निवासी गंज (सिवनी), गजमोहन रघुवंशी तथा राजेश पटेल निवासी बारापत्थर (सिवनी) को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक लाख 27 हजार रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन सिंह मर्सकोले, उपनिरीक्षक संजय ठाकुर, प्रधान आरक्षक गोपाल साहू, राजपाल बघेल, राजू भारती तथा आरक्षक अभिषेक सनोडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित