भीलवाड़ा, 23 मई (वार्ता) राजस्थान में भीलवाड़ा के नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने शनिवार को विधिवत रूप से जिला पुलिस मुख्यालय में अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
इस मौके पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने उन्हें कार्यभार सौंपा और नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त श्री राणा ने मीडिया से विशेष बातचीत में कहा कि भीलवाड़ा पुलिस पहले से ही काफी अच्छा काम कर रही है और हमारा मुख्य लक्ष्य इसी सिलसिले को आगे भी जारी रखना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जो प्राथमिकताएं हैं और राजस्थान पुलिस का जो मूल ध्येय वाक्य है, "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय'' इसे हम जिले में पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएंगे।
श्री राणा ने जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ तीन मुख्य मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी तरह की गैर-कानूनी और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि नशीले मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत आने वाले मामलों पर पुलिस और अधिक कड़ाई से काम करेगी। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात व्यवस्था को सुधारना और लोगों की कीमती जान बचाना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
कार्यभार संभालने के बाद श्री राणा ने जिले के उच्च पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित