सागर , सितंबर 14 -- मध्यप्रदेश में 70वीं राज्यस्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 20 सितंबर तक सागर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रतियोगिता में 100 से अधिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग शत्रुंजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इनमें शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक एवं खेल शिक्षक शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिताएं सागर के सिटी स्टेडियम एवं खेल परिसर में आयोजित होंगी। मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से आने वाले प्रतियोगियों एवं अधिकारियों के ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगियों को खेल मैदान तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उन्हें आवागमन में सुविधा हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित