सागर , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश के सागर स्थित डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय को भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) की पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 18 नवंबर तक विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय बीटीआईआरटी के सिरोंजा स्थित परिसर में किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर ने बताया कि विश्वविद्यालय में लगातार अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता तथा हाल ही में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया था। इस वर्ष भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली ने कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय को सौंपी है।

उन्होंने कहा कि खेल से मन और शरीर दोनों स्वस्थ रहते हैं। इसी अंचल से क्रांति गौड़ जैसी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने तथा देशज खेलों के साथ अन्य खेलों के प्रति रुचि जागृत करने से वे अपना कौशल विकसित कर स्वस्थ रह सकते हैं।

शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. विवेक साठे ने बताया कि प्रतियोगिता में पश्चिम क्षेत्र के मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और गोवा राज्यों के लगभग 150 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों से करीब दो हजार खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के सागर आने से शहर की खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर कबड्डी के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में जागरूकता एवं उत्साह बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के निर्धारित खेल नियमों के अनुसार नॉकआउट एवं लीग पद्धति से किया जाएगा। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी और कोच होंगे। टीमों को ए, बी, सी और डी चार पूल में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक पूल में विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। मैचों का निर्णय कबड्डी के आधिकारिक खेल संघ एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्णायकों द्वारा किया जाएगा।

बीटीआईआरटी के सचिव डॉ. सत्येन्द्र जैन ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन वृहद स्तर पर किया जाएगा और विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में खेल, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय से संबद्ध होने के नाते महाविद्यालय एक इकाई की तरह आयोजन में सहभागी है और विश्वविद्यालय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया। आभार डॉ. राजू टंडन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीसीडीसी प्रोफेसर एनपी सिंह, डॉ. सुबोध जैन, संदीप जैन, मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रो. राजेन्द्र यादव, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. सुमन पटेल और महेंद्र बाथम उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित