सागर , जनवरी 29 -- माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सागर जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला कलेक्टर संदीप जी.आर. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंडल के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षाएं निर्विघ्न और पारदर्शी रूप से संपन्न कराई जाएं।

कलेक्टर ने कहा कि कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए उड़न दस्तों की तैनाती की जाए और लगातार निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर प्रतिनिधि पुलिस थाने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 142 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 58 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक मंडल के निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व अपने मोबाइल फोन केंद्र पर जमा करेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने जानकारी दी कि कक्षा दसवीं हाईस्कूल परीक्षा में 33,998 तथा कक्षा बारहवीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में 24,882 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 58,880 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। जिले में दो अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां विशेष ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। ये केंद्र शासकीय पंडित रविशंकर शुक्ल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा महारानी लक्ष्मीबाई सांदीपनि विद्यालय क्रमांक एक, सागर हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मंडल के निर्देशानुसार केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों की सूची तैयार कर प्रस्तुत की जाए तथा इनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर सभी को परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाए। साथ ही सभी सूचनाओं की प्रविष्टि पोर्टल पर समय पर की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि समन्वय संस्था में विशेष व्यवस्था रखी जाए और 24 घंटे पुलिस गार्ड तैनात किए जाएं। प्रश्न पत्रों एवं गोपनीय सामग्री का वितरण पुलिस सुरक्षा में किया जाएगा। जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने निर्देश दिए कि संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की संवेदनशील या भ्रामक जानकारी प्रसारित होने पर तत्काल पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित