सागर , मई 4 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में मशहूर ब्रांड की नकल कर नकली चाय पत्ती की पैकेजिंग बेचने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकली सामग्री जब्त की गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सागर टी कंपनी को शिकायत मिल रही थी कि स्थानीय स्तर पर "रॉयल मंगलम चाय" और "रॉयल प्रीमियम मंगलम चाय" नाम से उत्पाद बेचे जा रहे हैं, जो मूल ब्रांड से मिलते-जुलते हैं और उपभोक्ताओं को भ्रमित कर अवैध लाभ कमाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रेडमार्क एक्ट 1999 और कॉपीराइट एक्ट 1957 के उल्लंघन का पाया गया। इसके बाद कंपनी की ओर से अधिवक्ताओं के माध्यम से दिल्ली के वाणिज्यिक न्यायालय में प्रकरण दायर किया गया।

न्यायालय ने प्रथम दृष्टया मामला सही पाते हुए लोकल कमिश्नर नियुक्त कर पुलिस की सहायता से सर्च और सीजर की कार्रवाई के आदेश दिए। सोमवार को सागर स्थित परिसर में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई, जिसे जब्त कर सील कर दिया गया है।

न्यायालय के आदेश के बाद अब "रॉयल मंगलम चाय" और "रॉयल प्रीमियम मंगलम चाय" नाम से किसी भी प्रकार का निर्माण, भंडारण, बिक्री, वितरण या प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर अवमानना की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित