चमोली , अक्टूबर 30 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में बच्चों को साइबर अपराधों, नशे के दुष्परिणामों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नंदानगर पुलिस ने शुक्रवार को गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देते हुए सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से अवगत कराया। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके भविष्य और परिवार को भी प्रभावित करता है। बच्चों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित