दंतेवाड़ा , मार्च 20 -- छत्तीसगढ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन टास्क के माध्यम से रकम दोगुनी करने का लालच देकर की गई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया - बचेली निवासी एक प्रार्थी और उसके अन्य साथियों से 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच मोबाइल लिंक के माध्यम से टास्क पूरा करने पर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया गया था। इस दौरान मोबाइल नंबरों के जरिए संचालित साइबर ठगों ने कुल 7,91,547 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले की शिकायत पर थाना बचेली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर सेल ने 100 से अधिक बैंक खातों में हुए वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया। साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से संदिग्ध खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिले के बरियापुर निवासी अजय कुमार महतो (38) के रूप में हुई।

इसके बाद संयुक्त टीम को झारखंड और बिहार रवाना किया गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक चेकबुक, तीन पैन कार्ड, एक आधार कार्ड तथा ठगी से प्राप्त 11 हजार रुपये नगद जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी को आत बचेली के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित