ग्वालियर , मई 10 -- ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित कैलाश विहार के एक होटल में संचालित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कैलाश विहार स्थित होटल एचजी के एक कमरे में कुछ संदिग्ध युवक लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए संदिग्ध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में दबिश देकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी म्यूल खातों के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में दो ग्वालियर, एक मुरैना और एक राजस्थान के धौलपुर का निवासी है।

जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में पाकिस्तान के कंट्री कोड वाले नंबरों से व्हाट्सएप संदेश और कॉल मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार पाकिस्तान में बैठा एक हैंडलर आरोपियों को निर्देश देता था कि ठगी की रकम किस खाते में मंगानी है और उसे कहां ट्रांसफर करना है।

पुलिस ने बताया कि गिरोह भोलेभाले लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनमें ठगी की रकम जमा कराता था। इसके बाद रकम को विभिन्न माध्यमों से आगे भेजा जाता था। आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पासबुक और चेकबुक बरामद किए गए हैं। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी राशि की ठगी की है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित