संतकबीरनगर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में पुलिस ने साइबर ठगी के सात पीड़ितों को राहत दिलाते हुए उनके खातों में कुल 1,36,476.53 रुपये वापस कराए हैं। साइबर सेल और कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से यह धनराशि वापस कराई गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंकों और अन्य माध्यमों से प्रभावी पैरवी करते हुए ठगी की धनराशि वापस कराने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, विषयाहन्नू निवासी वीरेंद्र कुमार से पेंसिल पार्सल के नाम पर 63 हजार रुपये की ठगी हुई थी, जिसमें 5,801.86 रुपये वापस कराए गए। बरदहिया बाजार निवासी इश्तियाक अहमद से पुलिस अधिकारी बनकर आपत्तिजनक वीडियो के नाम पर 65,500 रुपये ठगे गए थे, जिसमें 48 हजार रुपये वापस कराए गए।
कटाई निवासी हरिशंकर से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 95 हजार रुपये की ठगी हुई थी। इसमें 4,775.24 रुपये वापस कराए गए हैं और शेष धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी है। बेलराई निवासी प्रभाकर चौरसिया से 1,600 रुपये की ठगी में 1,100 रुपये वापस कराए गए।
जंगल ऊन निवासी रामअनुज मौर्य से ऑनलाइन कपड़ों की खरीदारी के नाम पर ओटीपी हासिल कर 48,500 रुपये ठगे गए थे। पुलिस ने इसमें 48,499.43 रुपये वापस करा दिए। कटाई निवासी उमेश कुमार से दुकान पर खाते में 10,800 रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी की गई थी, जिसकी पूरी धनराशि वापस करा दी गई।
इसी तरह रजनीश यादव से एलआईसी की किस्त जमा करने के नाम पर ठगे गए 17,500 रुपये भी पूरी तरह वापस करा दिए गए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में प्रभारी साइबर सेल अपराध निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में आरक्षी रविकांत कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह, आरक्षी अनुज शुक्ला और आरक्षी ऋतिक वर्मा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित