ग्वालियर , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी की रकम से 50 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने सराफा कारोबारी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार माधव नगर, झांसी रोड निवासी सराफा कारोबारी अजय मंगल की सराफा बाजार में गहना जेम्स एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से दुकान है। चार अप्रैल को अभिषेक परिहार नामक व्यक्ति ने उनकी दुकान से 50 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदने का सौदा किया। उसने एक लाख रुपये एनईएफटी और 10 हजार रुपये आईएमपीएस के माध्यम से अग्रिम भुगतान किया।

अगले दिन आरोपी ने पांच लाख रुपये और 1.41 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर से तथा 52,900 रुपये नकद देकर शेष भुगतान किया। इसके बाद कारोबारी ने जीएसटी बिल जारी कर उसे सोने का सिक्का सौंप दिया।

बाद में 24 अप्रैल को कारोबारी का बैंक खाता होल्ड हो गया। बैंक से मिली सूचना में बताया गया कि खाते में जमा 5.10 लाख रुपये की राशि को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के निर्देश पर होल्ड किया गया है। इसके बाद चार जून को बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से प्राप्त नोटिस में जानकारी दी गई कि उक्त राशि साइबर ठगी से संबंधित है।

शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार उपलब्ध आधार संख्या के आधार पर कथित अभिषेक परिहार की पहचान बहोड़ापुर क्षेत्र के घोसीपुरा निवासी युवक के रूप में हुई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित