बहराइच , सितम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन साइवज्र' के तहत पुलिस ने संगठित रूप से साइबर ठगी करने के आरोप में चिन्हित 13 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है। इनमें से सात आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने ऐसे कथित साइबर अपराधियों को चिन्हित किया, जिन पर संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए लोगों के बैंक खातों और एटीएम से संबंधित जानकारी का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,पुलिस ने साइबर फ्रॉड से संबंधित मामलों में विभिन्न थानों में पहले से दर्ज अभियोगों और उपलब्ध अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर कुल 13 लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गैंग चार्ट तैयार किया। जिला मजिस्ट्रेट बहराइच से अनुमोदन के बाद दरगाह शरीफ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 406/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायणदत्त मिश्रा ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान बृहस्पतिवार को विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आमिर (26), रामजी यादव (35), सौरभ मिश्रा (20), फहीम (28), साहिल बेग (23), सत्येन्द्र कुमार चौहान और संतोष सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध साइबर धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी सहित विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत भी अभियोग पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र कुमार मिश्रा, निरीक्षक जय राम यादव, उपनिरीक्षक शिवम कनौजिया, रवि कुमार यादव, धीरेन्द्र कुमार, मटेरा थाने के उपनिरीक्षक जितेन्द्र यादव, कोतवाली देहात के उपनिरीक्षक अभय पाण्डेय सहित संबंधित थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित