पंचकूला , अगस्त 02 -- हरियाणा पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1.75 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल साइबर धोखाधड़ी मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शेयर ट्रेडिंग, क्रिप्टो और निवेश योजनाओं के नाम पर फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना पंचकूला की टीम ने जुनाच नईम मेहमूद भाई (25), निवासी राजकोट, गुजरात तथा प्रदीप मुलचंदानी उर्फ पंकज (32), निवासी अहमदाबाद, गुजरात को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला 31 जुलाई 2024 को दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि पांच जुलाई 2024 को फेसबुक पर उसे शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा गया, जहां उसे शेयर ट्रेडिंग के माध्यम से कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से उसका विश्वास जीतकर अलग-अलग किस्तों में 1.75 करोड़ रुपये निवेश करवा लिए और पूरी रकम हड़प ली।
प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर भूप सिंह कर रहे हैं। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार दोनों आरोपी साइबर ठगों के साथ मिलकर बैंक खाते खुलवाने, खाताधारकों के दस्तावेज जुटाने और ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराने में अहम भूमिका निभाते थे। पुलिस इनके माध्यम से पूरे साइबर नेटवर्क की वित्तीय श्रृंखला खंगाल रही है।
डीसीपी अपराध एवं यातायात अमरिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले दिसंबर 2024, वर्ष 2025 और 2026 के दौरान अलग-अलग चरणों में गिरोह के कई सदस्यों को गुजरात, तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस लगातार पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित