भिण्ड , अक्टूबर 29 -- चंबल संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार जैन ने साइबर ठगी और जघन्य अपराधों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ऑरोरा एक्स एप में निवेश के नाम पर लोगों की रकम फंसने के मामले में प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी जुटाने को कहा। डीआईजी मंगलवार को भिण्ड पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

डीआईजी ने जिले में गंभीर, जघन्य और चिन्हित अपराधों की समीक्षा करते हुए कहा कि ब्लाइंड मर्डर जैसे मामलों की जांच में तेजी लाकर उनका जल्द निराकरण किया जाए। गंभीर अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

ऑरोरा एक्स एप में निवेश करने वाले लोगों की रकम फंसने के मामले पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करने में देरी नहीं होनी चाहिए। शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने शिकायतों पर कार्रवाई में अनावश्यक देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए मामले से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांति और सौहार्द का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, डीएसपी मुख्यालय सतीश चौहान, सीएसपी निरंजन राजपूत, अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले, गोहद एसडीओपी महेंद्र गौतम, लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित