जयपुर , जुलाई 21 -- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए आम नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया हैं।

श्री देवनानी ने मंगलवार को विधानसभा में भारतीय स्टेट बैंक जयपुर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी की उनसे हुई मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने श्री चौधरी को साइबर क्राइम से बैंक खातेदारों की सुरक्षा के लिए राज्य में जागरूकता शिविर लगाये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान चलाना आवश्यक है।

श्री देवनानी को श्री चौधरी ने बैंक की ओर से किये जा रहे प्रयासों और योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि एसबीआई बैंक अपने ग्राहकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और सुविधा प्रदान कर रहा है।

इससे पहले श्री चौधरी ने श्री देवनानी का पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। श्री चौधरी की श्री देवनानी के साथ यह शिष्टाचार भेंट थी। श्री देवनानी ने श्री चौधरी को विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति और डायरी भेंट की। इस मौके पर बैंक के सहायक महाप्रबंधक (जनसम्पर्क) संजय शर्मा भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित