भरतपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान में डीग पुलिस ने साइबर ठगों के विरूद्ध चलाये जा रहे ''ऑपरेशन एण्टीवायरस" अभियान के तहत कुल सात साइबर आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे सात एन्ड्रॉयड मोबाइल फोन एवं 179 फर्जी सिम कार्ड जब्त किये हैं। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने गुरुवार को बताया कि जालूकी थाना पुलिस, जिला विशेष दल और साईबर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुजरात में फर्जी सिम आपूर्तिकर्ता सौरभ, तरूण उर्फ मोहित को गिरफ्तार करने के साथ ही फर्जी सिम विक्रेता शाहबाज (28) को गिरफ्तार करके उनसे 175 सिमकार्ड एवं एक एण्ड्रोइड मोबाइल फोन जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के साथ फर्जी सिम आपूर्तिकर्ताओं से फर्जी सिम खरीदकर भोले भाले लोगों को फंसाकर धोखाधडी करने के आरोप में तौफिक, अरमान मेव (20) अहसान और मुबारिक मेव (20) को गिरफ्तार करके चार मोबाइल फोन मय सिमकार्ड एवं चार फर्जी सिमकार्ड बरामद किये गये। बताया गया कि सहबाज 600 रुपये में सूरत (गुजरात) से फर्जी सिम खरीद कर उन्हें अपने आस पास एवं मेवात क्षेत्र के साईबर ठगों को दो-ढाई हजार रुपये प्रति सिम कार्ड के हिसाब से बेचता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित