चंडीगढ़ , जुलाई 04 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए पिछले एक वर्ष में 729 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

श्री यादव ने बताया कि पिछले दो वर्षों से राज्य के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में समर्पित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं। बीते एक वर्ष में राज्य साइबर क्राइम डिवीजन सहित 29 साइबर क्राइम पुलिस थानों में 956 प्राथमिकी दर्ज की गयी और 729 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने साइबर अपराधों से निपटने और आम नागरिकों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने में उल्लेखनीय प्रगति की है। कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया है। इस दौरान राज्यभर में 657 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने और किसी भी साइबर अपराध की तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस भविष्य में भी कड़े कानून प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण जारी रखेगी।

स्पेशल डीजीपी वी. नीरजा के नेतृत्व वाले राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने मई 2025 से अब तक 57 प्राथमिकी दर्ज कर 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये मामले हाई-प्रोफाइल और अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े साइबर अपराधों से संबंधित हैं।कमिश्नरेट और जिला स्तर के साइबर क्राइम पुलिस ने भी विभिन्न मामलों में 673 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने संगठित साइबर अपराध नेटवर्क पर भी बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान कंबोडिया और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में संचालित साइबर ठगी केंद्रों में फंसे लोगों के मामलों का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि ट्रैवल एजेंट, प्लेसमेंट कंसल्टेंट और बिचौलियों के जरिए लोगों को विदेश भेजा जाता था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 23 एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, 14 चेक बुक, फर्जी बैंक व केवाईसी दस्तावेज, छह मुहरें, 5,100 यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) तथा बैंक खातों में जमा 20 लाख रुपये बरामद किए गए। मई 2025 से अब तक राज्य के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशनों ने 9 एफआईआर दर्ज कर 5 म्यूल अकाउंट मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने कपूरथला में एक फर्जी कॉल सेंटर का भी पर्दाफाश किया, जहां से अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को निशाना बनाकर बिटकॉइन और हवाला के जरिए ठगी की जा रही थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित