बारां , मई 01 -- राजस्थान में बारां जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान "म्यूल हंटर" के तहत की गई कार्रवाई के तहत कुल मामले दर्ज करके सात साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने 67 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, वहीं 175 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। इसके साथ ही कुल 382 बैंक खातों की जांच करके संदिग्ध लेन-देन का विश्लेषण किया गया। कई संदिग्ध खातों को चिन्हित करके संबंधित बैंकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया, जिससे संभावित साइबर ठगी को रोका जा सका।

उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष दल गठित करके संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट), फर्जी वित्तीय लेन-देन और साइबर अपराध के मुख्य बिंदुओं की पहचान करके तकनीकी आधार पर कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित