चंडीगढ़ , मार्च 30 -- पंजाब में ''साइकिल वाले'' के नाम से मशहूर अर्श उमरियाना ने अकाली दल (वारिस दे पंजाब) में शामिल हो गए।

इस मौके पर सांसद सरबजीत सिंह खालसा सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने बताया कि अर्श उमरियाना ने साल 2022 में अपने अनोखे अंदाज़ से पहचान बनाई थी। उस दौरान वह माइक और स्पीकर के साथ साइकिल पर सवार होकर आम आदमी पार्टी के लिए गांव-गांव प्रचार करते नजर आए थे, जिससे उन्हें काफी लोकप्रियता मिली।

नई पारी की घोषणा करते हुए अर्श ने कहा कि वह अब पंजाब के हितों की रक्षा और राज्य को नशे से मुक्त करने के उद्देश्य से वारिस पंजाब दे के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पारंपरिक राजनीति से अलग हटकर नई दिशा में काम करेंगे।

अर्श उमरियाना ने बताया कि वह अमृतपाल सिंह के नेतृत्व में काम करेंगे और लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 2022 में 'आप' के लिए जिस समर्पण के साथ उन्होंने काम किया, उससे भी अधिक मेहनत अब अपनी नई पार्टी के लिए करेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके इस फैसले का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनकी नई राजनीतिक पारी राज्य में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित