बारां , मई 31 -- राजस्थान में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत रविवार को अंता में साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

राजस्थान सरकार के देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वह खुद भी साइकिल चलाकर इस अभियान में शामिल हुए।

श्री भडाणा शाम को सरदार बल्लभ भाई पटेल स्टेडियम पहुंचे। रैली के दौरान उन्होंने मुख्य मार्ग के समीप स्थित मीठी बावड़ी का अवलोकन किया। बावड़ी में गंदगी और कचरा देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी प्रकट की और नगर पालिका अधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए।

इसके बाद अंता के खेम जी उद्यान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री भडाणा ने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में जल संरक्षण के प्रति सजग है।

कार्यक्रम में मोतीलाल मीणा, नरेश सिंह सिकरवार, प्रधान मोरपाल सुमन ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित