कपूरथला , जून 16 -- पंजाब के कपूरथला में पुष्पा गुजराल साइंस सिटी ने नेचर फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर मंगलवार को "प्रकृति फोटोग्राफी" विषय पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के महत्व तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर उसके सकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
प्रदर्शनी में पक्षियों, वन्यजीवों और प्राकृतिक दृश्यों से संबंधित आकर्षक तस्वीरों का प्रदर्शन किया गया, जिसने आगंतुकों को प्राकृतिक दुनिया की सुंदरता और विविधता से रूबरू कराया। प्रदर्शनी के माध्यम से जैव विविधता की समृद्धि को दर्शाते हुए लोगों को प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रकृति प्रेमियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति से जुड़ाव को मजबूत करने के इस प्रयास की सराहना की।
डॉ. राजेश ग्रोवर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 16 जून को मनाया जाने वाला नेचर फोटोग्राफी दिवस फोटोग्राफी के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता का उत्सव मनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करता है।उन्होंने कहा कि प्रकृति फोटोग्राफी जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, पर्यावरणीय परिवर्तनों को समझने और संरक्षण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की पहल लोगों को प्राकृतिक संसाधनों और पारिस्थितिक तंत्रों के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाती है।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों ने आगंतुकों को प्रकृति की अनूठी सुंदरता से परिचित कराया और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्रों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित