लखनऊ , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश की ताज नगरी आगरा अब अपने ऐतिहासिक वैभव के साथ आधुनिक शहरी विकास का नया अध्याय लिखने जा रही है। 'ग्रेटर आगरा' परियोजना के जरिए सांस्कृतिक पुनरुद्धार और अत्याधुनिक अवसरंचना के संगम का मॉडल तैयार किया जा रहा है, जो आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में करीब 450 हेक्टेयर क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को विकसित किया जा रहा है।

लगभग 5142 करोड़ रुपये की लागत वाली यह योजना आगरा को योजनाबद्ध, आधुनिक और बहुआयामी शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, ग्रेटर आगरा की सबसे बड़ी विशेषता इसका सांस्कृतिक दृष्टिकोण है। यहां विकसित होने वाली 10 टाउनशिप सिंधुपुरम, गोमतीपुरम, गंगापुरम, यमुनापुरम, बेतवापुरम, महानदीपुरम, नर्मदापुरम, गोदावरीपुरम, कृष्णापुरम और कावेरीपुरम देश की पवित्र नदियों के नाम पर बसाई जाएंगी। यह पहल भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ शहर को विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।

परियोजना के तहत लगभग 1.5 लाख लोगों के लिए आधुनिक आवासीय व्यवस्था विकसित की जाएगी। कुल 4712 भूखंडों में आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, कमर्शियल और मिश्रित उपयोग के प्लॉट शामिल होंगे।

साथ ही स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, होटल, बैंक, डाकघर, पुलिस चौकी और दमकल केंद्र जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

ग्रेटर आगरा को स्मार्ट और सस्टेनेबल शहर के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक सड़क नेटवर्क, सीवेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किए जाएंगे।

परियोजना की लोकेशन भी इसकी खासियत है। यह 100 मीटर चौड़ी इनर रिंग रोड के पास स्थित है और नेशनल हाईवे-19, फतेहाबाद रोड व यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ी है। कुबेरपुर रेलवे स्टेशन की नजदीकी इसे आवागमन और व्यापार के लिए और सुविधाजनक बनाती है।

हर टाउनशिप में कम से कम 15 प्रतिशत क्षेत्र हरित क्षेत्र के लिए आरक्षित रखा गया है। पार्क, ओपन स्पेस और खेल सुविधाओं के साथ पर्यावरण संतुलन और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित