देवास , नवंबर 1 -- मध्यप्रदेश में देवास के बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम सियापुर स्थित सांसी मोहल्ले में पुलिस ने रविवार को अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कई घरों में संचालित शराब बनाने की भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया और बड़ी मात्रा में लाहन तथा कच्ची शराब जब्त कर नष्ट की।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने ताले तोड़कर घरों की तलाशी ली, जहां कच्ची शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को देखकर घरों की छतों से शराब से भरे ड्रम और कैन नीचे फेंक दिए। इससे गांव की नालियों और सड़कों पर शराब बहने लगी।

कार्रवाई के दौरान पूरे मोहल्ले में शराब की तेज बदबू फैल गई। पुलिस ने अवैध शराब और लाहन नष्ट कर दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसडीओपी देवास बबीता बामनिया ने कार्रवाई की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित