फतेहाबाद , मई 20 -- हरियाणा में सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने बुधवार को रतिया स्थित विश्राम गृह में जनसुनवाई कर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को लोगों की परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिये।

कुमारी सैलजा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम करे। उन्होंने बढ़ती महंगाई और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में लंबे समय से ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव बना हुआ था, लेकिन केंद्र सरकार ने संभावित प्रभावों को लेकर पहले से कोई ठोस तैयारी नहीं की।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से हर वस्तु महंगी होती जा रही है और आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सरकार को समय रहते ऐसे प्रबंध करने चाहिए थे, जिससे लोगों को राहत मिलती, लेकिन लापरवाही का खामियाजा अब हर वर्ग भुगत रहा है।

हरियाणा की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में सरकार का सिस्टम पूरी तरह जाम हो चुका है। लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन और जाम लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध, हत्या और हमलों की घटनायें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

हरियाणा में कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों को लेकर पूछे गये सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान के प्रयास कर रहे हैं।

इस दौरान पांच बार नगर पार्षद रहे अजमेर सिंह ने कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने श्री सिंह स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित